Friday, June 19, 2009

शास्त्रों के अनुसार वर्ण व्यवस्था - भाग २

पिछली चर्चा में हम वर्ण व्यवस्था की वेदानुसार व्याख्या कर रहे थे और उसके प्रारंभिक रूप को कर्मगत ही पाया। आज उस चर्चा को वेदों और मनु-स्मृति के अनुसार समझने का प्रयास करेंगे।

पिछली चर्चा में यजुर्वेद के शतपथ ब्राह्मण के अनुसार हमने वर्णों के जन्म के विषय में जाना। किस प्रकार स्वर्ग, व्योम और भूमि से वर्णों का सम्बन्ध स्थापित किया गया था - जिसका विश्लेषणात्मक पहलु कर्मगत आधार पर यूँ किया जा सकता हैं कि दार्शनिक, बौधिक और धार्मिक कृत्यों से सम्बंधित कार्य (स्वर्ग) से ब्राह्मण, प्रशासनिक, संरक्षण एवं आश्रय देने के कृत्यों (व्योम) से क्षत्रिय और भूमि से जुड़े कार्यों से अन्य वर्ण (वैश्य और शूद्र) जन्मे। इस व्यवस्था में सभी को सामान अवसर भी प्राप्त थे। शतपथ ब्राह्मण के १.१.४.१२ श्लोक में वैदिक क्रियाओं में सभी वर्णों का संबोधन दिए हैं जिससे ये स्पष्ट होता हैं कि वैदिक कार्यों में सारे वर्ग भाग लेते थे । शतपथ ब्राह्मण (श्लोक १४.४.२.२३, ४.४.४.१३), तैत्तिरीय ब्राह्मण (३.९.१४) में क्षत्रियों को संरक्षण और व्यवस्था कायम करने के कारण सभी वर्णों में श्रेष्ठ बताया गया हैं । वहीं दूसरी ओर तैत्तिरीय संहिता ( ५.१.१०.३) और ऐतरेय ब्राह्मण (८.१७) में ब्राह्मणों को ज्ञान के कारण श्रेष्ठ मन गया हैं। इन विरोधाभासी प्रतीत होने वाले विचारों से यह तो सिद्ध होता ही कि सर्वमान्य रूप से किसी वर्ण की भी श्रेष्ठता नहीं थी और un वर्गों को केवल अपने कर्मो के आधार पर ही आँका जाता था। वेदों से चर्चा समाप्त करने से पहले मैं अरविन्द शर्मा जी के विचार भी प्रस्तुत करना चाहूँगा। उनके मतानुसार सभी वर्गों की समानता उनको एक-एक वेद के साथ जोड़ भी हमारे मनीषियों ने प्रदान की हैं ("क्लास्सिकल हिंदू थॉट")। तैत्तिरीय ब्राह्मण (३.१२.९.२) में कहा गया हैं -
"सर्वं तेजः सामरूप्य हे शाश्वत।
सर्व हेदम् ब्रह्मणा हैव सृष्टम्
ऋग्भ्यो जातं वैश्यम् वर्णमाहू:
यजुर्वेदं क्षत्रियस्याहुर्योनिम् ।
सामवेदो ब्रह्मणनाम् प्रसूति
अर्थात ऋगवेद से वैश्य, यजुर्वेद से क्षत्रिय और सामवेद से ब्राह्मण का जन्म हुआ। इस आधार पर ये भी मन जा सकता हैं कि अथर्ववेद का सम्बन्ध शूद्रों से हैं। जिस प्रकार कोई भी ज्ञानवां व्यक्ति किसी भी वेदों को दुसरे से ऊपर नहीं मान सकता उसी प्रकार उनसे जुड़े वर्ण भी एक दुसरे से ऊपर नहीं हो सकते।

वेदों के बाद वर्ण-व्यवस्था से सम्बंधित सबसे ज्यादा चर्चित ग्रन्थ मनु-स्मृति ही हैं (संभवतः वर्ण-व्यवस्था के सम्बन्ध में वेदों से भी अधिक चर्चित)। भारतीय दर्शन को समझने के लिए जिस ग्रन्थ को पाश्चात्य विद्वानों (अंग्रेजो) ने सर्वप्रथम चुना था वो मनु स्मृति ही था (सन् १७९४ में सर विलियम जोन्स)। इस ग्रन्थ के जिन अंशो को लेकर इसकी निंदा होती रही हैं उनमे से अधिकांश ८वे आध्याय से हैं। वास्तव में उनके अध्ययन के बाद कुछ तो अत्यन्त ही क्रूर और अमानवीय प्रतीत होते हैं (मुझे तो व्यक्तिगत रूप से कुछ अत्याचार के दिशा-निर्देशों से भरे किसी डरावनी पुस्तक से उठाये हुए प्रतीत हुए - जैसे जिह्वा, हस्त विच्छेदित करना, जीवन पर्यन्त बंधुआ मजूरी करना, एक वर्ण का दुसरे का उत्पीडन शास्त्र सम्मत मानना आदि) किंतु इस सम्बन्ध में श्री सुरेन्द्र कुमार की लिखित पुस्तक "विशुद्ध मनुस्मृति" से विचार प्रकट करना चाहूँगा। उन्होंने मनु-स्मृति के 2,६८५ छंदों (श्लोकों) में से मात्र १,२१४ को मूल ग्रन्थ का अंश माना हैं। उनके अनुसन्धान के अनुसार बाकी के श्लोक कालांतर में मनु-स्मृति से जुड़े - उनमे से अधिकांश या तो तत्कालिन लेखकों/ऋषियों की व्यतिगत समझ के अनुसार की हुई व्याख्याएं हैं। इसी सम्बन्ध श्री भीमराव अम्बेडकर जी का भी शोध महत्वपूर्ण हैं। उनके अनुसार मनुस्मृति के अधिकांश भाग (जोकि यह कालांतर में जुड़े अंश हो सकते हैं) पुष्यमित्र सुंग के राज्य में बढ़ते बौध्य प्रभाव को दबाने के लिए लिखे गए (Revolution and Counter-Revolution in India )। यदि इन कालांतर में जुड़े हुए श्लोकों की भाषा को देखें तो वो भी एक विलुप्त होते समाज की साम, दाम दंड भेद की भाषा ही लगती हैं जोकि उस काल के उच्च वर्ग को लुभाकर अन्य पंथ की तरफ़ होने वाले रुझान से एन केन प्रकारेण रोकना चाह रहा हो। यदि इस ग्रन्थ को इन श्लोको से हटा कर देखें तो हम मनु-स्मृति के मूल रूप को समझ पाएंगे और जान पाएंगे कि शंकराचार्य, स्वामी दयानंद, एन्नी बेसेंट, सर्वपल्ली राधाकृष्णन और फ्रिएद्रीच निएत्ज़सचे जैसे विद्वानों ने इस ग्रन्थ को क्यों सराहा।


मनु स्मृति में वर्ण व्यवस्था को अत्यन्त विस्तार से समझाया गया हैं। किंतु इसमे भी वर्ण परिवर्तनीय और कर्म बोधक ही हैं.... मनु की मूल व्यवस्था विद्वेषकारी नहीं हैं। मनु कहते हैं "शुद्रो ब्रह्मणाथामेथी ब्रह्मणास्चेथी शुद्रताम" अपने कर्मो के आधार पर ब्राह्मण शूद्र हो सकता हैं और शूद्र ब्राह्मण. इसी प्रकार अन्यत्र मनु कहते हैं "आददीत परां विद्यां प्रयत्नादवरादपि । अन्त्याद्पी परं धर्मं स्त्रीरत्नं दुष्कुलादपि" अर्थात जिस प्रकार दुष्कुल (छोटे कुल) की स्त्री से मिलने पर रत्न (उपहार) ले जाने चाहिए उसी प्रकार ज्ञान किसी भी व्यक्ति से (वर्ण भेद नगण्य हैं) आदर पूर्वक लेना चाहिए।


इसी प्रकार मनु ने १०वे अध्याय में कहा हैं "अहिंसा सत्यम् अस्तेयं शौचं इन्द्रियनिग्रह: । एतं सामासिकं धर्मं चातुर्वंर्ये आब्रवीन मनु: ॥ " अर्थात चारों वर्णों के लिए नियम बनाते हए मनु कहते हैं - "अहिंसा, इन्त्रियों पर संयम, शुद्धता और सत्यता ही सभी वर्णों के लिए आवश्यक हैं"। (जब अहिंसा सभी वर्णों ले लिए आवश्यक हैं तो फ़िर आठवें अध्याय में बताये नियम कियान्वित ही नहीं किए जा सकते। ) इसी अध्याय में २४वे श्लोक में ब्राह्मण और शूद्र से उत्पन्न वंशजों के पुनः ब्राह्मण वर्ण में पुनः लौट आने का भी नियम भी दिया हैं। वर्ण परिवर्तन और उसकी उन्मुक्तता छान्दोग्य उपनिषद के सत्यकामा जाबाला की कथा में भी मिलता हैं, जहाँ केवल माता के परिचय के आधार पर बिना वर्ण के ज्ञान पर भी गुरु ने सत्यकामा को दीक्षित किया। ऐसा ही विवरण चंद्रप्रभा राजन की तीन हाथ वाली उपनिषद कथा में भी मिलता हैं (भारत एक खोज एपिसोड ४)। नारद भक्ति सूत्र में भी ईश्वर भक्ति और उपासना में जाति भेदों को नगण्य बताया हैं क्योंकि सभी भक्त भगवान् के ही हैं. - "नास्ति तेषु जातिविद्यारूपकुलधनक्रियाभेदः । यतस्तदीया: । "। इसी प्रकार शाण्डिल्य सूत्र में कहा गया हैं - "आनिन्द्ययोंयाधिक्रियते पारम्पर्यात सामान्यवत" शास्त्रों और उपदेशों की परम्परा से सिद्ध होता हैं कि भक्ति पर सभी का बराबर अधोकार हैं।


इसी प्रकार मनु स्मृति में विभिन्न वर्णों के मिलन से उत्पन्न वर्णों (जातियों ) का भी उल्लेख हैं किंतु यदि इन संकर वर्णों का प्रथम दृष्टया विश्लेषण उन्हें कर्मगत ही पाते हैं। इन वर्णों में से कई तो कर्म सूचक ही हैं जैसे निषाद, वीणा, सूत इत्यादि। अन्य संकर वर्ण जैसे ब्राह्मण और वैश्य के मिलन से उत्पन्न अम्बष्ठ (चिकित्सक) वर्ण भी कर्मगत ही हैं। यह तो सम्भव नहीं कि इस प्रकार के मिलन से उत्पन्न हर व्यक्ति वैद्य ही होगा ....किंतु इस प्रकार के श्लोकों को यूँ समझा जा सकता हैं कि वैश्य गुण से व्यापारिक समझ और ब्राह्मण गुण से ज्ञान पिपासु होने से इस वर्ग की चिकित्सा क्षेत्र में सफलता निश्चित हैं। किंतु ये संकर वर्ण फ़िर भी कर्मगत रूप ही दिखाते हैं। इस विषय पर ऐसे ही कुछ विचार विलियम क्रूकस ने भी अपनी पुस्तक "दा ट्राइब्स एंड कास्ट ऑफ़ दा नॉर्थ वेस्टर्न प्रोविंस एंड अवध" में व्यक्त किए हैं।


आज चर्चा में इतना ही... अगले सप्ताह वज्रसूचिका उपनिषद में ब्राह्मण व्यवस्था की चर्चा....


सादर,
सुधीर


विशेषानुरोध: अभी तक की चर्चा के विषय में अपने विचारों को अवश्य बतलाये

Saturday, June 13, 2009

शास्त्रों के अनुसार वर्ण व्यवस्था - भाग १

अद्वेष्टा सर्वभूतानाम् मैत्रः करुण एव च। निर्ममो निरहंकारः समदु:खसुखः क्षमी॥
संतुष्टः सततं योगी यतात्मा दृढ़निश्चयः। माय्यर्पितमनो बुद्धिर्यो मद्भक्तः स में प्रियः॥

अर्थात् जो सभी जीवों (भूतों) के प्रति द्वेष भावः से विहीन हैं, जो सभी के लिए मित्रवत एवं दया (करुणा) भाव से परिपूर्ण हैं, किसी के प्रति ममत्व से रहित (निष्पक्ष) हैं , अंहकार से रहित हैं, सुख दुःख में सम और क्षमावान, संतुष्ट हैं, मन और इन्द्रियों को वश में रखने वाले ढृढ़-निश्चयी हैं और ईश्वर में मन और बुद्धि अर्पित किए हुए हैं वे (मुझे ) ईश्वर को प्रिय हैं। (गीता अध्याय १२, श्लोक १३-१४)


भारतीय दर्शन में सभी जीवों के उत्थान की कामना ही मूल मंत्र हैं - चाहे वो विश्व कल्याण का भावः हो या विश्व शान्ति की कामना। जहाँ नित्य पूजन "सर्वे भवन्तु सुखिनः ,सर्वे सन्तु निरामय, सर्वे भद्राणि पश्यन्तु , मा कश्चिद दुख्भाग भवेत्। ॐ शांति शांति शांति" के आवाहन के बिना पूर्णता नही पाता, ऐसे समाज में वर्ण व्यवस्था का उदय उसके उत्कृष्ट एवं जटिल स्वरुप और उसके नागरिकों के बौधिक स्तर को परिलक्षित करता हैं। जिस समाज में स्वं को छोड़कर सभी को मान देने की परम्परा हो ('सबहि मानप्रद आपु अमानी'), जहाँ दुष्टों को भी सज्जनों के साथ मानव होने के नाते आदर मिलता हो ("बहुरि बन्दि खल गन सभिताएं), जहाँ चराचर जीवों के स्थापित मापदंडों के से बाहर जड़वत तत्वों को भी ईश्वरीय रूपों में पूजा जाता हो (निज प्रभुमय देखहिं जगत केहि सन करहिं विरोधा) - ऐसे समाज में कोई व्यवस्था जन साधारण के तिरस्कार और विभाजन की रूपरेखा के साथ पनप सकती हैं इसकी सम्भावना अत्यन्त ही क्षीण हैं।


जिस समाज और दर्शन में (ईश्वर की प्राप्ति ) मोक्ष कामना ही जीवन का उद्देश हो और उसके प्राप्त करने के माध्यम विरक्ति, भक्ति और (मानव) आसक्ति हो उसमे ईश्वर वंदन के नाम पर समाज के किसी वर्ग का शोषण होगा सम्भव ही नहीं। विरक्ति का मार्ग जहाँ सभी मनुष्यों से दूर ले जाता हैं (संन्यास), वहीं भक्ति मार्ग सभी के बीच रहकर भी उनसे विमुख रखता हैं परन्तु मानव आसक्ति का मार्ग समाज में रहकर उसमे बसे सभी जीवो को सम्मान के साथ रहने की प्रेरणा देता हैं। मेरे विचार से मानव जीवन को चार आश्रमों में बाँट कर (छान्दोग्य उपनिषद) भी शायद ब्रह्मचर्य के बाद तीनो आश्रम संभवतः इन तीनो माध्यम से मोक्ष प्राप्ति की प्रेरणा देते रहे होंगे। (गृहस्थ -आसक्ति, वानप्रस्थ -भक्ति और संन्यास - विरक्ति)। हमारे मोक्ष लालायित समाज में फ़िर भी एक सामाजिक वर्गीकरण के लिए वर्ण-समाज का उदय हुआ। आईये देखें कि इस सन्दर्भ में हमारे शास्त्र क्या कहते और जानने का प्रयत्न करें कि इस वर्गीकरण के मापदंड क्या थे और उसकी विशिष्टताएं क्या थी?


वैसे तो वर्ण व्यवस्था का ताना बाना हमारी सभ्यता में इंतना रचा बसा सभी कि इसका वर्णन हमारे सभी धर्म ग्रंथो में मिलता हैं - इसमे सभी वेद, उपनिषद, ब्राह्मण, संघितायें, भाष्य, पुराण, इतिहास (गीता एवं रामायण), उनकी समीक्षाएँ सम्मलित हैं। किंतु जिन ग्रंथो का नाम सर्वप्रथम मानस पटल पर उभरता हैं वे हैं ऋग्वेद, मनु स्मृति और वज्रसूचिका उपनिषद। ऋग्वेद में जहाँ वर्ण व्यवस्था के उदय का वर्णन हैं वहीं मनु स्मृति में उसकी व्यवस्था और वज्रसूचिका उपनिषद में उसकी व्याख्या का वर्णन हैं। इसके अतिरिक्त भी अन्य ग्रंथो और पुरातन साहित्य में भी इस व्यवस्था का वर्णन मिलता हैं।


सबसे प्राचीन ऋग्वेद के जिस श्लोक में सर्वप्रथम वर्ण व्यवस्था के जन्म का उल्लेख मिलता हैं वो "पुरुष सूक्त" (१०।९०।१२) में कुछ इस प्रकार से वर्णित हैं - "बराह्मणो अस्य मुखमासीद बाहू राजन्यः कर्तः ऊरूतदस्य यद वैश्यः पद्भ्यां शूद्रो अजायत " उस ब्रह्म (पुरूष) के मुख से ब्राह्मण, बाँहों से राज कार्य करने वाले, पेट से वैश्य और पांवो के शूद्र का जन्म हुआ। कई विद्वजन इस श्लोक को सामाजिक श्रेष्ठता और गरिमा स्थापित करने का प्रयास मानते हैं। किंतु इस सम्बन्ध में मैं मैक्स मूलर के विचारों को रखना चाहूँगा जिसमे उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया हैं कि शुद्र और राजन्य जैसे शब्दों का प्रयोग इस श्लोक के अतिरिक्त ऋग्वेद में कहीं नहीं मिलता हैं (चिप्स फ्रॉम अ जर्मन वर्कशॉप ई, ३१२)। ऐसी ही मान्यता विलियम क्रूक ने अपनी पुस्तक "दा ट्राइब्स एंड कॉस्ट ऑफ़ दा नॉर्थ वेस्टर्न प्रोविन्सस एंड अवध" में और अरविन्द शर्मा ने "क्लास्सिकल हिंदू थॉट" में भी मानी हैं। अतः यह श्लोक या तो बाद में ऋग्वेद से जुडा या इसका तात्पर्य वर्ण व्यवस्था के नामों से नहीं हैं। मेरे विचार से यह श्लोक ही वर्ण वयवस्था के कर्मगत रूप को उजागर करता हैं। क्षत्रिय शब्द के स्थान पर राजन्य शब्द का चयन स्पष्ट रूप से कर्म बोधक ही हैं। यहाँ पुरूष शब्द भी वैदिक समाज के लिए प्रयुक्त हैं। इसका आधार ऋग्वेद के इस श्लोक के पूर्व के श्लोकों में मिलता हैं। पुरूष की परिभाषा देते हुए ऋग्वेद कहते हैं - "सहस्रशीर्षा पुरुषः सहस्राक्षः सहस्रपात"(१०.९०।१) अर्थात उसके सहस्र सर, पैर और नेत्र हैं। यह उद्बोधन सहस्र व्यक्तियों के समूह का ही वर्णन करता हैं। तदुपरांत श्लोक १०.९०.११ में फ़िर प्रश्न होता हैं - "यत पुरुषं वयदधुः कतिधा वयकल्पयन मुखं किमस्य कौ बाहू का ऊरू पादा उच्येते " जब पुरूष (समाज) को बाटा गया तो उसके कितने भाग हुए - उसका मुख , बांह उदर और पैर का क्या हुआ? हमारे चिंतनशील मनीषियों ने फ़िर उस प्रश्न के उत्तर में वर्ण वयवस्था का विवरण दिया हैं। समाज को ज्ञान देकर वाणी देने वाले कर्म-समूह ब्राह्मण कहलाए (मुख), समाज की सारी प्रणाली को सुचारू रूप से (अपने राजकाज से) व्यवस्थित करने राजन्य (बाहें), अपने वाणिज्य कर्म द्वारा समाज के पेट का पोषण करने वाले वैश्य (उदर) और अपने अत्यन्त आवश्यक श्रम-श्रेष्ठ कर्मो से समाज को गति देने वाले शुद्र (पैर) कहलाए। इससे ये स्पष्ट होता हों की व्यवस्था कर्मगत ही थी। इस आशय में ऋग्वेद का ही श्लोक याद आता हैं - "कुविन मा गोपां करसे जनस्य कुविद राजानं मघवन्न्र्जीषिन कुविन म रषिं पपिवांसं सुतस्य कुविन मे वस्वो अम्र्तस्य शिक्षाः (३.४३.५) - ( हे इन्द्र ) आप मुझे क्या बनायेंगे लोगों कि रक्षा करने वाला प्रजापति (राजा), (ज्ञान के) सोम का पान करने वाला साधू? याचक के इस इस संशय से यह तो पता चलता हैं कि उसके पास दोनों विकल्प थे और उन्हें प्राप्त करने के अवसर भी .... ऋग्वेद में यत्र-तत्र ऐसे अनेक उदाहरण मिल जायेंगे जहाँ वर्ण व्यवस्था कर्मगत ही हैं।

इसी प्रकार यजुर्वेद (वाजसनेयी संहिता) की १४ वी पुस्तक में भी शुद्र और आर्यों का जन्म के साथ ही होना बताया गया हैं - "न॑वद॒शभिरस्तुवत शूद्रा॒र्याव॑सृज्येतामहोरात्रे अधि॑पत्नी आस्ताम्"। इसी प्रकार का विवरण तैत्तिरीय संहिता में भी मिलता हैं। यदि जन्म साथ लिया हैं तो फ़िर उनमे ऊँच-नीच कैसी ? जिस प्रकार हमारी मान्यता हैं कि सभी मनुष्यों का जन्म मनु से ही हुआ हैं, उस आधार पर भी सभी वर्ण एक ही पिता की संतान होने से सामान ही माने जायेंगे। (शुक्ल) यजुर्वेद से जुड़े 'शतपथ ब्राह्मण' में भी वर्ण व्यवस्था के उदय के विषय में बताते हुए कहा गया हैं प्रजापति ने ब्रह्माण्ड में व्याप्त भूः से पृथ्वी, भुवः से व्योम और स्वः से स्वर्ग की उत्पत्ति की (कांड २.१.४.११)। फ़िर इन्ही तीन तत्वों से क्रमश: जन साधारण (वैश्य), क्षत्रिय और ब्राह्मण का निर्माण किया। इस व्यवस्था में शूद्रों का कोई उल्लेख नहीं हैं। जिसका तात्पर्य यह हुआ कि या तो उस समाज में वे थे ही नहीं या फ़िर वे वैश्य वर्ग के साथ जन साधारण के भाग थे। इस विषय पर अरविन्द शर्मा अपनी पुस्तक में "क्लास्सिकल हिंदू थॉट" में रोचक विचार प्रस्तुत किए हैं - उनके अनुसार ऋग्वेद के पुरूष-सूक्त में पृथ्वी का सम्बन्ध पुरूष के चरणों से हैं जहाँ से शूद्रों की उत्पत्ति भी घोषित हुयी हैं अतः वैश्य और शुद्र सभी एक वर्ग के भाग थे और भूमि से जुड़े कार्यों में लिप्त थे। किंतु मेरे अनुसन्धान के अनुसार इस सम्बन्ध मे यजुर्वेद के तैत्तिर्य ब्राह्मण में शूद्रों के सम्बन्ध में दो उद्धरण मिलते हैं - शूद्रों का जन्म असुरों से हुआ और ब्राह्मणों का देवों से (१.२.४.७) - जिसका आशय समाज के आसुरी और देव प्रवृतियों से होगा। समाज का एक वर्ग अपनी आसुरी प्रवृतियों से शुद्र हो गया वहीं दूसरा अपने देव-तुल्य आचरण से ब्राह्मण कहलाया। यही शास्त्र अन्यत्र शूद्रों के जन्म के विषय मे कहता हैं कि वे असतो से जन्मे हैं (३.२.३.९) जिससे यह सिद्ध होता हैं कि तीन वर्गों के बाद अपने आचरण से गिरने के बाद असत्यता धारण करने से वे शुद्र मे परिवर्तित हुए.

वेदों मे वर्ण-व्यवस्था की चर्चा अत्यन्त ही व्यापक हैं...इस पर कई दिनों तक व्याख्या की जा सकती हैं किंतु अभी के लिए इतना ही .... अगले सप्ताह अन्य ग्रंथों पर भी एक दृष्टि डालकर वर्ण-व्यवस्था की चर्चा जारी रखने का प्रयास करूँगा।

सादर,
सुधीर

विशेष: गत सप्ताह स्वास्थ एवं पारिवारिक व्यस्तताओं के कारण चर्चा आगे न बढ़ा पाने के लिए क्षमाप्रार्थी हूँ।
Blog Widget by LinkWithin